
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। मतदाता सूची से नाम विलोपन को लेकर रामानुजगंज में सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित तरीके से वर्ग विशेष और कांग्रेस समर्थित मतदाताओं के नाम कटवाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष मधु गुप्ता के नेतृत्व में मंगलवार को एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद किया जा चुका है और राजनीतिक दलों को सूची उपलब्ध करा दी गई है। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रारूप-7 के माध्यम से बड़ी संख्या में नाम विलोपन के आवेदन सुनियोजित तरीके से जमा कराए गए हैं, जो संदेहास्पद है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि, कई मामलों में ऐसे लोगों के नाम से आवेदन दिए गए हैं, जिन्होंने स्वयं किसी प्रकार का आवेदन नहीं किया। वहीं कुछ स्थानों पर ऐसे व्यक्तियों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं, जो संबंधित मतदान केंद्र के निवासी ही नहीं हैं। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया से छेड़छाड़ बताते हुए ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि जिन-जिन मतदान केंद्रों से प्रारूप-7 के आवेदन प्राप्त हुए हैं, उन सभी आवेदकों की सूची केंद्रवार सार्वजनिक की जाए, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

इस पूरे मामले में ग्राम पंचायत चंदननगर के निवासी गुलाब नबी अंसारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि, उनके गांव के दो मतदान केंद्रों 155 और 156 से क्रमशः 25 और 75, कुल 100 लोगों के नाम काटने के लिए आवेदन भेजे गए हैं। उनका दावा है कि ये सभी लोग स्थानीय निवासी हैं और अधिकांश एक ही समुदाय से हैं। उन्होंने बताया कि जिन पांच लोगों के नाम से आवेदन दिए गए, उन्होंने स्वयं इस बात से इनकार कर दिया है कि उन्होंने कोई आवेदन किया है। इससे पूरे मामले में फर्जीवाड़े की आशंका और गहरा गई है।

मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अजय गुप्ता ने कहा कि, मतदाता सूची प्रकाशन के कुछ दिनों बाद ही भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बड़े पैमाने पर नाम कटवाने के आवेदन दिए गए, जिन्हें तत्काल बीएलओ को भेजा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पर दबाव बनाकर कांग्रेस समर्थित और वर्ग विशेष के मतदाताओं को सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है।

वहीं, ज्ञापन प्राप्त करने के बाद नायब तहसीलदार आइसी यादव ने बताया कि कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन को प्राप्त कर लिया गया है और इसे एसडीएम तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि, मतदाता सूची से नाम विलोपन के इस विवाद ने स्थानीय राजनीति को गरमा दिया है और अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है।
ये भी पढ़िए………….

