
पटना, अनिल मिश्र। कहते हैं कि प्यार अंधा होता है और प्यार किया नहीं जाता हो जाता है…। जब प्यार हो जाता है तो रिश्ते नाते और फिर समाज नहीं देखता है। न ही लिंग समानता या लिंग विभेद…। ऐसा ही वाक्या बिहार प्रदेश के सुपौल से एक अजब-गजब प्यार का मामला सामने आया है।
दरअसल सुपौल के त्रिवेणीगंज में एक मॉल में काम करने वाली दो युवतियों ने आपसी सहमति से समलैंगिक विवाह कर अपने जीवन की नई पारी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक इन दोनों को दो साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई। उसके बाद प्यार हुआ। अब शादी के बाद दोनों ने एक साथ जीवनभर रहने का फैसला कर लिया है।
इस संबंध में बताया जा रहा है कि, मंगलवार की देर रात दोनों युवतियां त्रिवेणीगंज के मेला ग्राउंड स्थित एक मंदिर पहुंचीं, जहां सादे तरीके से उन्होंने शादी की रस्म पूरी की। शादी के दौरान दोनों ने गैस चूल्हे के चारों ओर सात फेरे लिए। उस वक्त मंदिर परिसर में गिने-चुने लोग ही मौजूद थे।

जानकारी के मुताबिक ये दोनों युवतियां दो महीने से त्रिवेणीगंज के वार्ड नंबर 18 में एक किराए के कमरे में साथ रह रही थीं। बुधवार की सुबह जब वे शादी के बाद अपने कमरे पर लौटीं, तो इसकी जानकारी मोहल्ले में फैल गई और लोगों की भीड़ जुटने लगी।धीरे-धीरे मामला सोशल मीडिया तक पहुंच गया और वीडियो वायरल होने लगा। इस बीच नवविवाहित युवतियों की पहचान मधेपुरा जिले के मुरलीगंज गोशाला चौक वार्ड 8 निवासी संतोष गुप्ता की 21 वर्षीय पुत्री पूजा गुप्ता और शंकरपुर थाना क्षेत्र के मौरा बघला वार्ड 1 निवासी शंभू यादव की 18 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है।
इस विवाह में पूजा गुप्ता ने दूल्हे की भूमिका निभाई, जबकि काजल कुमारी दुल्हन बनी। इस बीच इन दोनों युवतियों का कहना है कि उन्हें लड़कों में कोई दिलचस्पी नहीं है और उनका रिश्ता पूरी तरह भावनात्मक जुड़ाव पर आधारित है।इस बीच दोनों ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय उन्होंने बिना किसी दबाव के आपसी सहमति से लिया है और वे अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं।
इस विवाह को लेकर स्थानीय स्तर पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सहमति का विषय बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे सामाजिक परंपराओं के विपरीत मान रहे हैं।
फिलहाल इस तरह की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही है।
ये भी पढ़िए……..
बंद का बलरामपुर पर नहीं पड़ा असर, बाजारों में रही पूरी चहल-पहल

