
कोडरमा। कोडरमा-धनबाद रेलखंड पर एक दुखद हादसे में ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मी की जान चली गई। हीरोडीह स्टेशन पर ट्रैक पार करते समय वे मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
कोडरमा-धनबाद रेलखंड के हीरोडीह स्टेशन पर सोमवार को एक रेलकर्मी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के गया जिले के निवासी 51 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो धनबाद रेल मंडल में सीनियर ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार ड्यूटी के सिलसिले में कोडरमा से हीरोडीह स्टेशन पहुंचे थे। उन्हें कोयले से भरी एक रेक लेकर बांझेडीह पावर प्लांट के लिए रवाना होना था। रवाना होने से पहले वे स्टेशन से कॉशन आदेश लेने गए थे।
आदेश लेने के बाद जब वे अपनी ट्रेन की ओर लौट रहे थे, तब प्लेटफॉर्म की कम ऊंचाई के कारण उन्होंने ट्रैक पार करना शुरू किया। इसी दौरान लूप लाइन पर गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में वे आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनके सिर में गहरी चोट आई और वे मौके पर ही गिर पड़े। सहकर्मियों द्वारा तत्काल उन्हें ट्रेन के माध्यम से कोडरमा स्टेशन लाया गया, जहां से रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद उनके शव को जीआरपी पोस्ट लाया गया, जहां परिजनों के पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। इस हादसे ने रेलवे कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़ें………….
चैती छठ महापर्व का तीसरा दिन आज: बलरामपुर में व्रती देंगे डूबते सूर्य को अर्घ्य, घाटों पर बढ़ी रौनक

