बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के शासकीय कर्मचारी कानूनगो शराब के नशे में धुत होकर रामानुजगंज तहसील कार्यालय पहुंचा। जहां नशे में होने के कारण वह जमीन पर ही गिर पड़ा। किसी तरह उसे रामानुजगंज अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने कानूनगो को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी अनुसार, शासकीय कर्मचारी का नाम प्रवीण लकड़ा (36 वर्ष) बताया जा रहा है, जो कि रामानुजगंज तहसील कार्यालय में कानूनगो के पद पर पदस्थ है। तहसील कार्यालय के कर्मचारियों के अनुसार, कानूनगो प्रवीण अक्सर शराब की नशे में कार्यालय आता था। आज स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई थी। जिसके कारण तहसील कार्यालय के सामने ही लड़खड़ा कर गिर पड़ा। लोगों की मदद से पहले उसे तहसील कार्यालय के एक कमरे में ले जाया गया उसके बाद वहां से उसे रामानुजगंज अस्पताल भेज दिया गया।
इधर, मामले को गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने कानूनगो प्रवीण कुमार को निलंबित के आदेश दे दिए है। आदेश में कलेक्टर ने कहा है कि, आज शुक्रवार तहसील कार्यालय में प्रातः 11.30 बजे सहायक ग्रेड थ्री, प्रभारी लिपिक कानूनगो शाखा तथा नाजीर नायब नाजीर शाखा रामानुजगंज प्रवीण कुमार लकड़ा के द्वारा नशे के हालात में अपने कार्य पर उपस्थित होने एवं अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन के प्रति घोर लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के कारण प्रथम दृष्टया संलिप्त होने के कारण प्रवीण कुमार लकड़ा, सहायक ग्रेड-03, संलग्न तहसील कार्यालय रामानुजगंज का उक्त कृत्य छ०ग० सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 (1) (2) (3) एवं नियम 23 के विपरीत होने के फलस्वरूप छ०ग० सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के उपनियम (1) क के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। साथ ही निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय जिला निर्वाचन कार्यालय (स्थानीय) बलरामपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज (छ०ग०) नियत किया जाता है। निलंबन अवधि में प्रवीण कुमार लकड़ा, सहायक ग्रेड-03 को नियमानुसारं जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।
ये भी पढ़िए……..