
जमशेदपुर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार तड़के एक युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाज के दौरान चौथी मंजिल से कूदने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां इलाजरत 25 वर्षीय युवक अरशद आलम ने चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अरशद पिछले तीन दिनों से अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में भर्ती था और उसकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई थी। परिजनों ने बताया कि वह लंबे समय से नशे का आदी था और तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना के दिन सुबह उसने अपनी मां से शौच के लिए जाने की बात कही और वार्ड से बाहर निकल गया। कुछ ही देर बाद तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद परिजनों और अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचने पर युवक को अस्पताल परिसर में गंभीर हालत में पाया गया।
तुरंत उसे इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही अस्पताल प्रबंधन से घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी जानकारी ली जा रही है।
इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर एक मरीज बिना रोक-टोक के ऊपरी मंजिल तक कैसे पहुंच गया। वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़िए………..

