
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले की रामानुजगंज विधानसभा में एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने लंबे अंतराल के बाद क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। वे इन दिनों बलरामपुर जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर रहे हैं, जिससे स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है।
हाल ही में बृहस्पति सिंह ने बलरामपुर सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की अटकलें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि यह गतिविधियां महज औपचारिक नहीं, बल्कि आने वाले समय की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हैं।
विवादों से रहा है पुराना नाता
रामानुजगंज विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का राजनीतिक जीवन हमेशा चर्चा और विवादों में रहा है। दिसंबर 2023 में पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करने के आरोप में कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर खुलकर सवाल खड़े किए थे।
बृहस्पति सिंह ने एआईसीसी से तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा को हटाने की मांग की थी। साथ ही उन्होंने टीएस सिंहदेव को लेकर भी तीखी टिप्पणी की थी। उनका कहना था कि यदि टीएस सिंहदेव मुख्यमंत्री होते, तो कांग्रेस को 14 सीटें भी नसीब नहीं होतीं। उन्होंने यहां तक कहा था कि भाजपा को टीएस सिंहदेव को राज्यपाल बना देना चाहिए। इन बयानों के बाद पार्टी ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी।
2028 पर टिकी नजर, निर्दलीय उतरने की अटकलें
इन दिनों बृहस्पति सिंह फिर से जनता के बीच पहुंचने लगे हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, उन्होंने 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को वे रामानुजगंज स्थित मां महामाया मंदिर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद विभिन्न गांवों के दौरे पर निकले।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बृहस्पति सिंह 2028 के विधानसभा चुनाव में रामानुजगंज सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनकी बढ़ती गतिविधियां साफ संकेत दे रही हैं कि आने वाले समय में रामानुजगंज की राजनीति एक बार फिर गर्म होने वाली है।
ये भी पढ़िए………
