
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर बलरामपुर जिले के प्रसिद्ध तातापानी धाम में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। 14 से 16 जनवरी तक प्रस्तावित महोत्सव के मद्देनज़र मंदिर परिसर सहित विशाल शिव प्रतिमा की रंग-रोगन का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। पूरे मेला परिसर की साफ-सफाई पूरी कर ली गई है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

मेला परिसर में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। दुकान लगाने के लिए रसीद कटना प्रारंभ हो गया है और बांस व बल्ली की सहायता से दुकानदार अपने-अपने ढांचे खड़े करने में जुट गए हैं। मेला शुरू होने में अभी लगभग एक सप्ताह का समय शेष है, बावजूद इसके चाट, चाउमीन सहित अन्य खाद्य सामग्री के ठेले लगने लगे हैं। परिसर में चहल-पहल बढ़ने के कारण शुरुआती दिनों में ही दुकानदारों की बिक्री में इजाफा देखने को मिल रहा है।
तातापानी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण झूले इस बार भी लोगों को लुभाएंगे। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से झूला संचालक तीन ट्रक सामग्री लेकर तातापानी पहुंच चुके हैं। एक-दो दिनों के भीतर मैदान में झूले लगने का कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं कार्यक्रमों के लिए मंच निर्माण में कुछ देरी जरूर हुई है, लेकिन स्टेज निर्माण की प्रक्रिया को अब तेज़ कर दिया गया है।

तातापानी महोत्सव का शुभारंभ 14 जनवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम सहित अन्य मंत्री और विधायक भी मौजूद रहेंगे। महोत्सव के दौरान सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन भी प्रस्तावित है।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें छत्तीसगढ़ी, बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। आयोजकों के अनुसार, इस बार कार्यक्रमों को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है।
हालांकि, रामानुजगंज की ओर से तातापानी महोत्सव में पहुंचने वाले लोगों को इस बार कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित है, जिससे आवागमन में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अधिक परेशानी न हो।
ये भी पढ़िए…………

