
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। बलरामपुर जिले में शुक्रवार को घना कोहरा और शीतलहर पूरे दिन छाई रही। हालात ऐसे रहे कि दिनभर सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। सुबह से लेकर शाम तक आसमान में कोहरे की मोटी चादर बनी रही, जिससे ठंड में जबरदस्त इजाफा हुआ और आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया।
जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में स्थिति और अधिक गंभीर रही। पूरा इलाका घने कोहरे में लिपटा रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कड़ाके की ठंड से बचने के लिए शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग जगह-जगह अलाव जलाकर बैठे नजर आए। दुकानों, चौक-चौराहों और बाजारों में लोग अलाव तापते दिखे। ठंड का असर केवल इंसानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बेसहारा पशु भी अलाव के पास खड़े होकर खुद को गर्म करते नजर आए, जो ठंड की तीव्रता को बयां करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि, लगातार बढ़ रही ठंड से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुबह और देर शाम घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, चिकित्सकों ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, गर्म पेय पदार्थ लेने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन से भी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था बढ़ाने और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने की मांग की जा रही है।
ये भी पढ़िए……..
धनबाद में बालू तस्कर ने बाइक सवार को रौंदा, पिता की मौत, बेटी बाल-बाल बची

