
बलरामपुर। जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम शारदापुर पतराटोला में बुधवार सुबह को खेत की जुताई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक अपने खेत में ट्रैक्टर चलाकर जुताई कर रहा था। इसी बीच ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान ग्राम शारदापुर पतराटोला निवासी अजय कुमार (25) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजय अपने खेत में नियमित कृषि कार्य कर रहा था। जुताई के दौरान किसी कारणवश ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया, जिससे अजय उसके नीचे दब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे अजय को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर त्रिकुंडा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए वाड्रफनगर सिविल अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अजय की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि अजय खेती-किसानी का कार्य कर अपने परिवार का सहयोग करता था और बुधवार को भी वह खेत में काम करने गया था, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।
इसे भी पढ़ें…….
घर लौट रहे थे पिता-पुत्र, जानिए रास्ते में ऐसा क्या हुआ कि पलभर में चली गई दोनों की जान

