
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच अफीम की खेती का एक और मामला सामने आया है। कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में 3.67 एकड़ में फैली अफीम की खेती से 43 क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ बरामद होने के बाद अब कुसमी ब्लॉक के ग्राम तुर्रिपानी में भी अवैध अफीम की खेती का खुलासा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एफएसएल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई है और अफीम की फसल जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुसमी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम तुर्रिपानी में अफीम की खेती तीन से चार अलग-अलग प्लॉट में की गई थी। स्थानीय स्तर पर सूचना मिलने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच और कार्रवाई में जुट गई।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार सहित करौंधा, सामरी, शंकरगढ़ और बारियों थाना क्षेत्रों की पुलिस बल तथा एफएसएल की टीम मौके पर मौजूद है। अधिकारियों की निगरानी में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ग्रामीणों की मदद से खेतों में लगी अफीम की फसल को उखाड़कर जब्ती की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह खेती करीब तीन से चार महीने पहले की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बाहरी राज्यों के कुछ लोगों द्वारा ग्रामीणों की जमीन को लीज पर लेकर इस तरह की खेती कराए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पूरे मामले में वास्तविक तथ्य जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।

गौरतलब है कि, इससे पहले कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में भी बड़े पैमाने पर अफीम की खेती का भंडाफोड़ हुआ था, जहां करीब 3.67 एकड़ भूमि पर की जा रही खेती को नष्ट करते हुए 43 क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ जब्त किया गया था और इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
इसी क्रम में तुर्रिपानी में सामने आया यह नया मामला जिले में अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क की गंभीरता को दर्शाता है। फिलहाल पुलिस, प्रशासन और एफएसएल की टीम मौके पर मौजूद है और जब्ती की कार्रवाई पूरी होने के बाद पूरे प्रकरण को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने और तथ्य स्पष्ट होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जहां भी इस प्रकार की गतिविधियां सामने आएंगी, वहां कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़िए………..

