बलरामपुर, विष्णु पांडेय। बलरामपुर जिले को अंबिकापुर से जोड़ने वाली NH 343 की स्थिति बेहद दयनीय हो गई। जगह जगह पर 1.5 से 2 फीट बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। रामानुजगंज से अंबिकापुर जाने वाली बसों में रोज टूट-फूट हो रही है। अब सफर तय करने में समय भी अत्यधिक लगने लगा है। इसी को लेकर समाजसेवी राहुलजीत सिंह रामानुजगंज से बलरामपुर तक 30 किलोमीटर पैदल यात्रा पर निकले हैं और इस दौरान अपने सोशल मीडिया हैंडल पर सड़क की हालत को लोगों के बीच साझा भी कर रहे हैं।
पैदल यात्रा की शुरुआत गुरुवार को हुई। पहले दिन रामानुजगंज से तातापानी और आज दूसरे दिन तातापानी से बलरामपुर के कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। राहुलजीत सिंह ने बताया कि, ज्ञापन सौंपने के बाद हमलोग कलेक्टर राजेंद्र कटारा से भी मिले। कलेक्टर ने बताया कि, लगभग एक हफ्ते के अंदर इस रोड में काम शुरू हाेने वाला है। जल्द ही इस रोड का मरम्मत शुरू कर दिया जाएगा।
राहुलजीत सिंह ने कहा कि, हाइवे पर गाड़ियों की आवाजाही बेहद मुश्किल हो गई है। आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। रोज कई दुर्घटनाएं हो रही है। लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी गढ्ढों को भरवाने के रुचि नहीं ले रहे हैं।
मंत्री और सीएम के फोटो पर किया जलाभिषेक
डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट चाैक के पास छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम और सीएम विष्णुदेव साय के तस्वीर पर जलाभिषेक किया। उन्होंने बताया कि, सावन का महीना चल रहा है। महादेव को खुश करने के लिए लोग उनके शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हैं। लेकिन हमारे क्षेत्रीय कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महादेव से भी ऊपर हैं। इनको खुश करने के लिए हमलोग जलाभिषेक कर रहे हैं। खुश होंगे तभी तो रोड के ऊपर इनका ध्यान जायेगा और जल्द से जल्द मरम्मत की जाएगी।
ये भी पढ़िए……..
बदहाल राष्ट्रीय राजमार्ग को लेकर एनएसयूआई ने किया चक्का जाम, बीच सड़क रोपा धान