
गिरिडीह। जिले के डुमरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। मधुबन थाना क्षेत्र के धावाटांड के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के पेड़ से टकराने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
गिरिडीह के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत लटकटो पिकेट के समीप धावाटांड के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। रांची की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार रांची निवासी 42 वर्षीय रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चला रहे 45 वर्षीय राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के समय जोरदार धमाका हुआ, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और मधुबन थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को वाहन से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल डुमरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रवि कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल राजेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
ये भी पढ़िए……….

