
बलरामपुर। जिले में सामाजिक समरसता, सादगी और बेटियों के सम्मान का संदेश देने वाला मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस जिला स्तरीय समारोह में 150 जोड़े एक साथ वैवाहिक जीवन के पवित्र बंधन में बंधे। इनमें 145 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से तथा 5 जोड़ों का विवाह ईसाई पद्धति से संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभाशीष प्रदान करते हुए सुखद, मंगलमय और सफल दांपत्य जीवन की कामना की।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सामरी विधायक उधेश्वरी पैकरा उपस्थित रहीं। उन्होंने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरे प्रदेश में सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों जोड़े नए जीवन की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से प्रदेशभर में एक साथ 6414 जोड़े वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर रहे हैं, जो अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्या विवाह योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में की गई थी, जो आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवारों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध हुई है। इस योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह को लेकर परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हुआ है और उन्हें सम्मानजनक सामाजिक मंच मिला है।
उन्होंने बताया कि योजना के 20 वर्ष पूर्ण होने और रजत जयंती वर्ष के अवसर पर सहायता राशि में दस गुना वृद्धि की गई है और वर्तमान में प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को चरणबद्ध रूप से पूरा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं, किसानों को बकाया बोनस दिया गया है, 70 लाख से अधिक महिलाएं महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हो रही हैं। बस्तर और सरगुजा संभाग में तेंदूपत्ता संग्रहण दर बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई है।
सामरी विधायक उधेश्वरी पैकरा ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना प्रदेश की गरीब और जरूरतमंद बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना से हजारों परिवारों को सामाजिक और आर्थिक संबल मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानु प्रकाश दीक्षित ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से बेटियों का भविष्य सुरक्षित हो रहा है और समाज में सकारात्मक संदेश जा रहा है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी बिस्मिता पाटले, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, नवविवाहित जोड़ों के परिजन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ये भी पढ़िए………
