
हजारीबाग। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय अबोध बालिका के साथ हुई दरिंदगी और फिर उसकी निर्मम हत्या की हृदयविदारक घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया है। इस वीभत्स और अमानवीय कृत्य के विरोध में तथा दोषियों पर अविलंब कठोरतम कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू की घोषणा के अनुरूप सोमवार यानी 30 मार्च को हजारीबाग जिला पूर्णतः बंद रहेगा।
इस गंभीर विषय पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने गहरी संवेदना और आक्रोश व्यक्त करते हुए हजारीबाग जिला वासियों से इस बंद को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया है। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हमारी मासूम बेटी के साथ जो हुआ वह मानवता पर कलंक है और प्रशासन को नींद से जगाने के लिए हम सबको एकजुट होना होगा। उन्होंने जिले के तमाम व्यवसायियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपने-अपने प्रतिष्ठान स्वतः बंद रखकर इस विरोध प्रदर्शन में सहभागी बनने का विनम्र आग्रह किया है।
हजारीबाग के भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने भी इस बंदी के समर्थन में जनता से आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महज बंदी का आह्वान नहीं, बल्कि उस अबोध बालिका को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हजारीबाग की सामूहिक आवाज है। भाजपा ने विश्वास जताया है कि हजारीबाग की जनता अपनी संवेदना प्रकट करते हुए इस बंदी को पूर्णतः सफल बनाएगी ताकि सोई हुई सरकार और प्रशासन पर दबाव बनाया जा सके।
विष्णुगढ़ घटना के खिलाफ विधायक प्रदीप प्रसाद के नेतृत्व में निकला विशाल मशाल जुलूस और कैंडल मार्च
हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने विष्णुगढ़ की 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना और निर्मम हत्या पर गहरा दुःख एवं आक्रोश व्यक्त करते हुए रविवार को विष्णुगढ़ में मशाल जुलूस और कैंडल मार्च का नेतृत्व किया। इस आक्रोश रैली के दौरान उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल मानवता को शर्मसार करने वाली है, बल्कि राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न भी खड़ा करती है। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद दोषियों की गिरफ्तारी न होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से पूछा कि आखिर कब तक अपराधी खुलेआम घूमते रहेंगे और कब तक बेटियां असुरक्षित रहेंगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज के लिए असहनीय हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
विधायक ने राज्य सरकार से मांग की है कि, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता और सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए। यह समय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का है, न कि उदासीनता का।

इसी क्रम में विधायक प्रदीप प्रसाद ने घोषणा की है कि इस जघन्य अपराध के विरोध में और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को हजारीबाग बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारी वर्ग और युवाओं से अपील की है कि वे न्याय की इस लड़ाई में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और बंद को सफल बनाएं।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा “जब बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, तब समाज का मौन रहना भी अपराध है। न्याय की इस लड़ाई में हर जागरूक नागरिक को आगे आना होगा।”
कैंडल मार्च में मुख्य रूप से प्रदेश कार्य समिति सदस्य हरीश श्रीवास्तव, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि भुवनेश्वर पटेल, मनोज श्रीवास्तव, भाजपा नेता आशीष बॉर्डर, मंडल अध्यक्ष शिवपाल यादव, बलराम शर्मा, डूमर महतो व गणमान्य लोग सहित हजारों संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें………
जामवंतपुर में मुक्तिधाम विवाद पर प्रशासन सख्त, एसडीएम के हस्तक्षेप से दोबारा शुरू हुआ निर्माण कार्य

