
बलरामपुर। जिले के हंसपुर गांव में मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस ने कुसमी के एसडीएम करूण डहरिया सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103(1), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
थाना कोरंधा में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2026 के अनुसार, 15 फरवरी 2026 की देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम हंसपुर के जंगल क्षेत्र में तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां राम उर्फ रामनरेश (62 वर्ष), पिता रेगहा, निवासी ग्राम हंसपुर की मृत्यु हो गई। मामले में प्रारंभिक रूप से मर्ग क्रमांक 02/2026 कायम कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान आहत व्यक्तियों, गवाहों और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि 15 फरवरी की शाम कुसमी के एसडीएम करूण डहरिया अपने तीन सहयोगियों विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव के साथ कथित अवैध बॉक्साइट उत्खनन पर कार्रवाई के लिए हंसपुर जंगल पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान तीन ग्रामीणों पर अवैध उत्खनन का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की गई, जिससे रामनरेश गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।

प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोरंधा में अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
मामले की आगे की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि घटना के बाद परिजनों ने एफआईआर की मांग को लेकर शिव चौक पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू की थी। अब एसडीएम सहित चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
ये भी पढ़िए……..
महाशिवरात्रि मेले में गोलगप्पा खाने से 20 बच्चे बीमार, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

