
बलरामपुर। जिले के सनावल थाना क्षेत्र में अंतरराज्यीय धान तस्करी के विरुद्ध पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई से अवैध धान परिवहन में संलिप्त बिचौलियों और तस्करों के बीच हड़कंप का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात राजस्व एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 सीटी 0199 को पकड़ा गया। वाहन में अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा था। पिकअप में सवार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर अंतरराज्यीय धान तस्करी में उनकी संलिप्तता सामने आई।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में श्रवण कुमार पिता सत्यदेव गुप्ता उम्र 25 वर्ष निवासी सागोबांध थाना बभनी उत्तर प्रदेश, कृष्ण मोहन कुमार पिता सत्यदेव गुप्ता उम्र 20 वर्ष निवासी सागोबांध थाना बभनी उत्तर प्रदेश तथा विकाश साव पिता कन्हाई उम्र 21 वर्ष निवासी त्रिशुली बेलवादामर थाना सनावल जिला बलरामपुर रामानुजगंज शामिल हैं।
पूछताछ एवं जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरोपित उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच अवैध रूप से धान की तस्करी में संलिप्त थे। मामले में थाना सनावल में अपराध क्रमांक 01/ 2026 धारा 3 एवं 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर तीनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस एवं प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद अवैध धान परिवहन में सहयोग करने वाले बिचौलियों में भय का वातावरण बना है। प्रशासन द्वारा सूचना तंत्र को और मजबूत किया गया है तथा धरपकड़ की कार्रवाई लगातार जारी है। गांव गांव में प्रशासन की ओर से वालंटियर भी तैयार किए गए हैं, जो धान तस्करी की सूचना पुलिस तक पहुंचाएंगे। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
ये भी पढ़िए……..
रामानुजगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक हिरासत में

