
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। छत्तीसगढ़ शासन ने श्रम विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल के तहत बलरामपुर जिले को नए श्रम पदाधिकारी के रूप में एलेन मिंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि यहां पदस्थ भूपेंद्र सिंह चंद्रवंशी का स्थानांतरण कबीरधाम जिले कर दिया गया है। शासन का मानना है कि इन बदलावों से श्रम विभाग के कार्यों में और अधिक गति आएगी तथा श्रमिक कल्याण योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
छत्तीसगढ़ शासन ने श्रम विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार देर रात 11 अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत बलरामपुर जिले में एलेन मिंज को नया श्रम पदाधिकारी बनाया गया है। एलेन मिंज इससे पहले सूरजपुर जिले में पदस्थ थे।
वहीं, वर्तमान में बलरामपुर में पदस्थ भूपेंद्र सिंह चंद्रवंशी का तबादला कबीरधाम जिले कर दिया गया है। शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य स्तर पर जारी तबादला सूची के अनुसार नितेश विश्वकर्मा को अंबिकापुर से कोरबा, अभिषेक ठाकुर को मुंगेली से सूरजपुर के साथ अंबिकापुर का अतिरिक्त प्रभार, शोएब काजी को बेमेतरा से कोंडागांव, ओम व्यास नेताम को बीजापुर से बालोद, समीर मिश्रा को जांजगीर-चांपा से राजनांदगांव, आजाद सिंह पात्रे को कोंडागांव से जांजगीर-चांपा, पायल शर्मा को नवा रायपुर से दुर्ग, जी.के. पाण्डेय को बेमेतरा तथा युगल किशोर शर्मा को बिलासपुर से तमनार (रायगढ़) स्थानांतरित किया गया है।

इसके अलावा विकास सरोदे को पदोन्नति के बाद श्रमायुक्त कार्यालय नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है। राजाराम पाल को बीजापुर जिले का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि उज्वला भाई को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर ज्योति शर्मा को मुंगेली जिले का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
श्रम विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों में गति लाने, श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और श्रम कानूनों के बेहतर पालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित जिलों में विभागीय कार्यों के संचालन में और अधिक प्रभावशीलता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें………….
तमिलनाडु गैस रिसाव के बाद राहत की खबर: पश्चिमी सिंहभूम के 14 प्रवासी श्रमिक सकुशल लौट रहे घर

