हजारीबाग। दास वही जो सहज में मुक्ति को पाता, ओउम जय गंगे माता…। हजारीबाग में पहली बार ओकनी तालाब तट पर जब शिवनगरी वाराणसी से पधारे विद्वान यज्ञाचार्य अभिषेक शास्त्री ने कथावाचक चतरा के मयूरहंड निवासी प. दिलीप उपाध्याय और प्रवचनकर्ता धनंजय शास्त्री संग जब गंगा आरती में सुर मिलाए, तो अद्भुत दृश्य बन गया। हाथों में आरती के लिए सजी दीपों की थाल जैसे हर संताप मिटा रही थी। यह मौका था ओकनी बड़ा शिव मंदिर प्रांगण में श्री श्री शतचंडी महायज्ञ का।
ओकनी तालाब तट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब अध्यात्म के उस स्वर में खोए ताली बजाते हुए झूम रहा था। हजारों श्रद्धालु भक्तिभाव में अपना सुध-बुध खोए हुए थे। उस पर रंगीन आतिशबाजी ने काली अंधियारी रात को धरा से गगन तक रोशन कर रखा था। पूरे मुहल्ले की साज-सज्जा रोशनी से नहाई अद्भुत समां बांध रही थी। एक साथ हजारों स्वर में शिव और शक्ति के नाम के साथ गंगा मइया के जयकारे लग रहे थे। लोग गंगा मइया की इस महाआरती में पूरी तन्यमता से रमे हुए थे।
शुक्रवार की देर शाम ओकनी तालाब तट पर अनोखे दर्शन का नजारा था। वहां वाराणसी, विंध्याचल, हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा तट की महाआरती का सहज रसपान करा रही थी। क्या बच्चे, क्या युवा, महिलाएं और वृद्ध सभी श्रद्धा, स्नेह, आस्था से भावविहोर झूम रहे थे। करीब दो घंटे तक चली महाआरती में हर श्रद्धालु पुण्य का भागीदार बनने की अभिलाषा में डूबा हुआ था। सभी ने आरती की लौ का आशीर्वाद लेकर खुद को धन्य समझ रहा था।
अन्नाधिवास, प्रवचन और खिचड़ी का भोग वितरण
महायज्ञ के क्रम में शनिवार को नारद मोह पर प्रवचन हुआ। वहीं महाभोग में खिचड़ी का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया गया। सुबह-सवेरे श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा करते हुए भक्तिभाव में डूबे रहे। इससे पहले भगवान को विधि-विधान से अन्नाधिवास कराया गया।
आज नगर भ्रमण, फलाधिवास, अन्नप्रासन और विविध संस्कार
रविवार को देवी-देवताओं का नगर भ्रमण कराया जाएगा। वहीं फलाधिवास, नव बालकों का अन्नप्रासन और विविध संस्कार आयोजित कराए जाएंगे। सोमवार को मुंडन संस्कार का कार्यक्रम यज्ञ मंडप के समीप होगा। पूरे धार्मिक अनुष्ठान में समस्त ओकनीवासियों समेत शहर के विभिन्न लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
ये भी पढ़िए……..
फांसी के फंदे पर लटका मिला मानसिक रूप से कमजोर अधेड़ का शव, जांच में जुटी पुलिस