रायपुर। बस्तर और सरगुजा संभाग के जनजातीय परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने बकरी पालन और सूकर पालन की दो योजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं के तहत कुल 2,755 परिवारों को शत-प्रतिशत अनुदान पर पशुपालन इकाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार की इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक पशुपालन को आय का स्थायी साधन बनाकर जनजातीय परिवारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम की पहल पर तैयार इन योजनाओं का संचालन पशुधन विकास विभाग के माध्यम से किया जाएगा। बस्तर और सरगुजा संभाग में बड़ी संख्या में जनजातीय परिवार पहले से ही बकरी और सूकर पालन से जुड़े हैं। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि उन्हें उन्नत नस्ल के पशु उपलब्ध कराकर उनके पारंपरिक व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाया जाए।
जनजातीय बकरी पालन समृद्धि योजना के तहत 904 परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक चयनित परिवार को पांच उन्नत नस्ल की बकरियां और एक बकरा दिया जाएगा। इसके लिए जमुनापारी, सिरोही और बरबरी नस्ल का चयन किया गया है। एक पशुपालन इकाई की लागत 55,263 रुपये निर्धारित की गई है, जिसका पूरा खर्च शासन वहन करेगा। इस योजना के लिए करीब पांच करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसी तरह सूकर पालन स्वावलंबन समृद्धि योजना के तहत 1,851 जनजातीय परिवारों को लाभ मिलेगा। प्रत्येक हितग्राही को एक नर और दो मादा मिडिल व्हाइट यॉर्कशायर नस्ल के सूकर उपलब्ध कराए जाएंगे। एक इकाई की लागत 27 हजार रुपये तय की गई है और इस पर भी शत-प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। योजना में सूकरों का बीमा, दवाइयों और परिवहन का खर्च भी शामिल है। इसके लिए करीब पांच करोड़ रुपये का प्रस्तावित व्यय रखा गया है। हितग्राहियों को पशुओं के रखरखाव और प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं सहयोग भी दिया जाएगा।
कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि बस्तर और सरगुजा के अनेक जनजातीय परिवार पीढ़ियों से बकरी और सूकर पालन के जरिए अपनी आजीविका चलाते आ रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार इन पारंपरिक व्यवसायों को आर्थिक मजबूती देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि परिवारों को ऐसा साधन उपलब्ध कराना है, जिससे वे नियमित आय अर्जित कर सकें और आत्मनिर्भर बनें।
सरकार का मानना है कि पशुधन के साथ बीमा, पशु चिकित्सा, दवा और प्रबंधन संबंधी सहयोग मिलने से इन परिवारों के लिए पशुपालन अधिक व्यवस्थित और लाभकारी हो सकेगा। दोनों योजनाओं से जनजातीय अंचलों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें…..
भीख मांगने के बहाने घरों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार






