
बलरामपुर। जिले के रामचंद्रपुर जनपद पंचायत क्षेत्र की कनकपुर ग्राम पंचायत के सचिव दिनेश ठाकुर एक बार फिर विवादों में हैं। 10 अक्टूबर को पंचायत भवन में आयोजित ग्राम सभा के दौरान हंगामे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि ऑफबीट न्यूज नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने सचिव दिनेश ठाकुर पर शासकीय योजनाओं में लापरवाही बरतने और हितग्राहियों की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं करने के आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ योजनाओं के लिए राशि आहरित किए जाने के बावजूद संबंधित कार्य पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने इन कार्यों की स्थिति स्पष्ट करने और जिम्मेदार लोगों से जवाब लेने की मांग की।
ग्रामीणों ने दस्तावेज में नाम गलत दर्ज होने के एक मामले में भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सुधार के लिए कई बार कहने के बावजूद चार महीने बीत जाने पर भी समस्या का निराकरण नहीं किया गया। ग्राम सभा के दौरान विवाद बढ़ने पर एक ग्रामीण वीडियो में मारपीट की बात कहते हुए भी दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति के अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने की बात भी सामने आई है।
विवाद के बाद रामानुजगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रवीण कुमार सिंह, मोहम्मद अयूब, सोएब अख्तर और मुर्तजा अंसारी के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद रामानुजगंज जेल भेज दिया।
पहले भी लगे थे गंभीर आरोप

कनकपुर पंचायत के सचिव दिनेश ठाकुर पर इससे पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। इसी वर्ष अगस्त में कनकपुर निवासी मोहम्मद अयूब, प्रवीण सिंह, तबारक और इरफान ने रामानुजगंज थाने में आवेदन देकर सचिव पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने के नाम पर 25 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया था। आवेदकों का दावा था कि राशि नहीं देने पर उनके नाम अपात्र कर दिए गए। उस समय भी मामला चर्चा में आया था। अब ग्राम सभा में हुए हंगामे और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पंचायत सचिव एक बार फिर विवादों में हैं।
इसे भी पढ़ें………
मंत्री रामविचार नेताम की पहल पर रामचंद्रपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को 3.40 करोड़ मंजूर


