
कोडरमा। जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली की जांच अब कोडरमा तक पहुंच गई है। गुरुवार देर रात सीआईडी की एसआईटी ने जिले में दो अलग अलग ठिकानों पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। दोनों को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है।
देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, एसआईटी की टीम ने सबसे पहले डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में दबिश दी। यहां राजेश यादव, पिता जगदीश यादव के घर पर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया गया।
इसके बाद एसआईटी ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के पूर्णानगर रोड में कार्रवाई की। यहां से संदीप कुमार, पिता रामदेव सिंह को हिरासत में लिया गया। दोनों को पहले कोडरमा थाना लाया गया और बाद में पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया।
पूर्व में पकड़े गए लोगों से पूछताछ में सामने आए नाम
सूत्रों का कहना है कि जेएसएससी सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में पहले पकड़े गए आरोपितों और कथित बिचौलियों से पूछताछ के दौरान दोनों युवकों के नाम सामने आए थे। इसके बाद एसआईटी ने इनके संभावित संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसी आधार पर गुरुवार देर रात दोनों ठिकानों पर कार्रवाई किए जाने की बात सामने आ रही है।
रांची में पूछताछ से खुल सकते हैं कई राज
दोनों युवकों से रांची में कथित परीक्षा सिंडिकेट से संपर्क, प्रश्नपत्र के लेनदेन, परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और संभावित आर्थिक लेनदेन को लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, इन बिंदुओं पर सीआईडी की ओर से अभी कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हिरासत में लिए गए दोनों युवकों की कथित भूमिका को लेकर सीआईडी या स्थानीय पुलिस ने फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है। ऐसे में उनकी भूमिका को लेकर स्थिति पूछताछ और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। एसआईटी की जांच में यदि नए नाम या संपर्क सामने आते हैं, तो कोडरमा में इस मामले का दायरा और बढ़ सकता है।
देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली से जुड़े नेटवर्क को लेकर जिले में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब रांची में होने वाली पूछताछ पर नजर है कि जांच टीम के सामने इस मामले से जुड़े और कौन से कनेक्शन सामने आते हैं।
इसे भी पढ़ें……………..


