
बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र की विजयनगर चौकी अंतर्गत मवेशी के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। खेत में फसल चरने से नाराज कुछ लोगों ने मवेशी को घेरकर लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया। हमले में उसकी कमर में गंभीर चोट आई और हड्डी टूट गई।
मामले की सूचना मिलने के बाद विजयनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मवेशी खेत में घुसकर फसल चर रही थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपितों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।
पूछताछ में सामने आई हमले की बात
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान संदेह के आधार पर कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए टांगी और डंडे बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने मवेशी पर हमला करने की बात स्वीकार की।
जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपितों को 19 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया। सभी को रामानुजगंज स्थित सीजेएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
चार आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में नेसार अंसारी (55), ताजमलिक अंसारी (33), चरकु अंसारी उर्फ दिलशान अंसारी (24) और नन्हका अंसारी उर्फ राजमलिक (26) को गिरफ्तार किया है। चारों विजयनगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4 और 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(क) के तहत कार्रवाई की है।
इसे भी पढ़ें…….


