
बलरामपुर। उत्तरी छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बलरामपुर जिले में प्रशासन ने नदी-नालों और जलस्रोतों की निगरानी बढ़ा दी है। कन्हर नदी समेत जिले के कई नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
रामानुजगंज क्षेत्र में कन्हर नदी के बढ़े जलस्तर और खुरसा नाले की जलमग्न पुलिया के कारण ग्रामीणों की प्रभावित कनेक्टिविटी को ऑफबीट न्यूज ने प्रमुखता से सामने लाया था। इसके बाद प्रशासन ने नदी-नालों के साथ एनीकट, बांध, नहर और पुल-पुलियों की निगरानी और तेज कर दी है।
कन्हर के बढ़े जलस्तर से कई मार्ग प्रभावित
रामानुजगंज क्षेत्र में कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ने से कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। कन्हर नदी का पानी बढ़ने से खुरसा नाले का पुलिया जलमग्न हो गई।
पुलिया के डूबने से ग्राम पंचायत कनकपुर के अलमागोदाम और लुर्गी के खुटहन पारा के करीब 20 से 25 घरों की रामानुजगंज नगर से सीधी कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। पुलिया जलमग्न होने से आवाजाही ग्रामीणों के लिए जोखिम भरी बनी हुई है।
संवेदनशील इलाकों में अधिकारी लगातार कर रहे निगरानी
संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
नदी-नालों के जलस्तर के साथ ही एनीकट, बांध, नहर और पुल-पुलियों के ऊपर से गुजर रहे पानी के बहाव पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर स्थिति बिगड़ने से पहले जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुनादी कर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को नदी-नालों, एनीकट, बांध और पुल-पुलियों के आसपास नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि पानी का बहाव बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक रूप से जोखिम न लें।
खासकर उन पुल-पुलियों पर जाने से बचने कहा गया है, जहां पानी ऊपर से बह रहा है या बहाव तेज है।
खतरा बढ़ा तो तत्काल होगी राहत और बचाव की कार्रवाई
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू करने की तैयारी रखने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, बांध, एनीकट और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि बारिश और जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें……..
कन्हर नदी में बाढ़ से बिगड़े हालात, खुरसा पुलिया जलमग्न; 25 घरों का संपर्क कटा


