
बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर 20 जुलाई को कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश का खुलेआम उल्लंघन होता दिखाई दे रहा है। आदेश में स्पष्ट रूप से नगर के पहाड़ी मंदिर चौक-चांदनी चौक-लरंगसाय चौक-अंतर्राज्यीय कन्हर बैरियर मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद रात के समय भारी वाहन इसी मार्ग से गुजर रहे हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना था। उन्हें पहाड़ी मंदिर चौक-महाराणा प्रताप चौक से रिंग रोड होते हुए अंतर्राज्यीय कन्हर बैरियर तक परिवहन करने के निर्देश दिए गए थे। यह निर्णय शहर में लगातार बढ़ रहे भारी वाहनों के दबाव, यातायात व्यवस्था और आम लोगों, विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था।
हालांकि, जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। रात होते ही भारी वाहन निर्धारित बायपास मार्ग छोड़कर चांदनी चौक और लरंगसाय चौक से होते हुए सीधे कन्हर बैरियर की ओर जा रहे हैं। इससे साफ प्रतीत होता है कि आदेश का प्रभावी पालन नहीं कराया जा रहा है।
शहर के बीचोंबीच भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद ट्रकों का आवागमन पहले की तरह जारी है, जिससे लोगों में नाराजगी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब कलेक्टर का स्पष्ट आदेश लागू है, तो आखिर इन भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश कौन करा रहा है और जिम्मेदार विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करता है या फिर कलेक्टर का यह आदेश केवल सरकारी फाइलों तक ही सीमित रह जाएगा।
इसे भी पढ़ें……..
खेत की जुताई के दौरान पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
