
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में छह गाय-बछड़ों को कथित रूप से अवैध तरीके से ले जाने के मामले में आज शुक्रवार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
बलरामपुर पुलिस के द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को 16 जुलाई को सूचना मिली थी कि कुछ लोग छह गाय-बछड़ों को हांकते हुए बूचड़खाने की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान मवेशियों को छोड़कर कुछ लोग फरार हो गए। पुलिस ने सभी छह गाय-बछड़ों को सुरक्षित कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जांच के आधार पर पुलिस ने ग्राम दौलगी निवासी मौजिद्दीन जुलाहा (35) और ऐनुल (24) की पहचान की। दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
इसे भी पढ़ें…….
रामानुजगंज में पुलिया के नीचे गिरी पिकअप, एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

