
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले के रामानुजगंज में आयोजित ज्ञान यज्ञ परिवार की मासिक बैठक में आगामी 25-26 जुलाई को अयोध्या धाम में होने वाले प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में यात्रा व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और संगठन विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए अधिवेशन को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
ज्ञान केंद्रों से अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान
रामानुजगंज स्थित स्थानीय धर्मशाला सभागार में ज्ञान यज्ञ परिवार की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में 25 एवं 26 जुलाई 2026 को अयोध्या धाम में प्रस्तावित ज्ञान केंद्र प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न संगठनात्मक निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि रामानुजगंज से 24 जुलाई की रात्रि एक विशेष बस अयोध्या के लिए रवाना होगी। बस की कुल 52 सीटों में से 17 सीटें नगर क्षेत्र के सदस्यों तथा 35 सीटें ग्रामीण क्षेत्रों के ज्ञान केंद्र प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए आरक्षित रहेंगी। सभी ज्ञान केंद्रों से समय पर सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया गया।
समाज को सशक्त बनाने के लिए दीर्घकालिक प्रयास जरूरी : बजरंग मुनि
बैठक में मां संस्थान के मार्गदर्शक आदरणीय बजरंग मुनि जी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि समाज की स्वशासी शक्तियों की पुनर्स्थापना और समाज को पुनः सशक्त बनाने के उद्देश्य से मां संस्थान एवं ज्ञान केंद्रों के माध्यम से जो कार्य किया जा रहा है, वह वर्तमान समय में विशिष्ट और समाजोपयोगी है।
उन्होंने कहा कि समाज को सशक्त बनाने का कार्य तात्कालिक परिणाम देने वाला नहीं होता। यह एक सतत और दीर्घकालिक प्रक्रिया है। समाज की स्वाभाविक संस्थाओं, पारिवारिक व्यवस्था, सामाजिक सहभागिता और लोकशक्ति के निरंतर सुदृढ़ होने से ही समाज वास्तविक अर्थों में आत्मनिर्भर और स्वशासी बनता है। इसके लिए धैर्य, निरंतर प्रयास और संगठनात्मक प्रतिबद्धता आवश्यक है।
35 जिलों के कार्यकर्ता होंगे शामिल
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अयोध्या प्रांतीय अधिवेशन को लोकव्यवस्था जागरण अभियान की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। अधिवेशन में पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश के 35 जिलों के ज्ञान केंद्र संचालक, सहयोगी तथा देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े कार्यकर्ता भाग लेंगे।
अधिवेशन के दौरान ज्ञान केंद्रों के विस्तार, संस्थागत विकास, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
संपर्क अभियान तेज करने का आह्वान
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान तेज करने तथा निर्धारित समय पर अयोध्या पहुंचकर अधिवेशन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
इसे भी पढ़ें…….
रांची समेत झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय, बारिश ने दिलाई गर्मी-उमस से राहत

