
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई शुरू की। राजस्व, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छात्रावास एवं आईटीआई की सरकारी भूमि पर बने अवैध मकानों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रावास की शासकीय भूमि पर बने नौ मकानों पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। वहीं पांच अन्य मकानों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा आईटीआई की सरकारी भूमि पर भी अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी है। सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन द्वारा आज करीब डेढ़ दर्जन अवैध मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
बताया जा रहा है कि संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी कर शासकीय भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समयावधि के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की है।
हालांकि कुछ मकान मालिकों को प्रशासन द्वारा दो दिनों का अतिरिक्त समय दिया गया है। टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर स्वयं मकान खाली करने के निर्देश दिए हैं। तय समय के बाद भी कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन द्वारा बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर एसडीएम, रामचंद्रपुर तहसीलदार, रामानुजगंज तहसीलदार, रामचंद्रपुर नायब तहसीलदार, वन विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई लगातार जारी है।
नोट : यह समाचार लगातार अपडेट किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें………….
राजपत्र के बाद क्या होगा?: बलरामपुर रेल परियोजना को धरातल पर उतरने में अभी कितना समय लगेगा
