
बलरामपुर। रामानुजगंज का 100 बिस्तरीय अस्पताल अब और अधिक सुविधायुक्त बनने जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य झारखंड के सीमावर्ती इलाकों से भी बड़ी संख्या में मरीज इस अस्पताल पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं शुरू होने से हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री अस्पताल रूपांतरण कोष के तहत अस्पताल के उन्नयन के लिए 1 करोड़ 65 लाख 92 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है।
इस राशि से अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस यूनिट और ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित की जाएगी। इसके अलावा कई अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण भी खरीदे जाएंगे, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
बड़े शहरों की दौड़ से मिलेगी राहत
वर्तमान में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए अंबिकापुर, रायपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। नई सुविधाएं शुरू होने के बाद मरीजों को काफी हद तक स्थानीय स्तर पर ही उपचार मिल सकेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
अस्पताल को मिलेंगे आधुनिक उपकरण
स्वीकृत राशि से ऑटोमेटिक ऑटोक्लेव मशीन, आधुनिक ओटी लाइट, मल्टी पैरा मॉनिटर, एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन, वेंटिलेटर, इलेक्ट्रिक ऑपरेशन टेबल, सक्शन मशीन, डायलिसिस मशीन, आरओ प्लांट, ट्रूनेट मशीन, ब्लड स्टोरेज रेफ्रिजरेटर, डीप फ्रीजर सहित अन्य आवश्यक उपकरण खरीदे जाएंगे।
डायलिसिस और ब्लड स्टोरेज सुविधा बनेगी जीवनदायिनी
डायलिसिस मरीजों को अब उपचार के लिए बार-बार लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। वहीं ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू होने से दुर्घटना, प्रसव और अन्य आपात स्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया विस्तार
जिला प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में आधुनिक सुविधाएं शुरू होने से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। आने वाले समय में रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
इसे भी पढ़ें…….
जनहित सर्वोपरि: एक्शन मोड में कलेक्टर मैडम, कहा- लापरवाही पर होगी कार्रवाई

