
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। रामानुजगंज वन वाटिका में एक बार फिर चहल-पहल बढ़ने वाली है। करीब एक दशक से बंद पड़ी बोटिंग सुविधा अब दोबारा शुरू होने जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण के बीच नौका विहार का आनंद मिल सकेगा। वन विभाग की पहल और हिंडालको कंपनी के सहयोग से तालाब में नई नौकाएं तैयार कर ली गई हैं, वहीं परिसर में भी कई सुधार किए गए हैं।
इस बीच बड़ी जानकारी सामने आई है कि रामविचार नेताम कल बलरामपुर दौरे पर रहेंगे। अपने निर्धारित कार्यक्रमों के बीच वे शाम करीब 4 बजे रामानुजगंज वन वाटिका पहुंचकर बोटिंग सुविधा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वन विभाग, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे और कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
बोटिंग संचालन को व्यवस्थित ढंग से चलाने के लिए हाल ही में वन परिक्षेत्र अधिकारी निखिल सक्सेना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें शुल्क निर्धारण पर सहमति बनी। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार वन वाटिका में प्रवेश के लिए दोपहिया वाहनों से 10 रुपये और कार से 30 रुपये शुल्क लिया जाएगा। वहीं मोटर बोट का किराया 15 मिनट के लिए प्रति व्यक्ति 50 रुपये तय किया गया है, जबकि पैडल बोट (4 सीटर) के लिए 100 रुपये और 2 सीटर के लिए प्रति व्यक्ति 50 रुपये शुल्क प्रस्तावित है।

वन विभाग ने बच्चों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा है। पार्क में नए और सुरक्षित झूले लगाए गए हैं, जिनका उपयोग केवल बच्चों के लिए ही निर्धारित किया गया है, ताकि परिवार के साथ आने वाले लोग यहां अधिक समय बिता सकें।
उल्लेखनीय है कि, वन वाटिका नियमित रूप से संचालित होती रही है, लेकिन नौका विहार सुविधा रखरखाव के अभाव में लंबे समय से बंद थी। स्थानीय लोगों की मांग के बाद अब इसे फिर से शुरू किया जा रहा है। उम्मीद है कि बोटिंग शुरू होने के बाद यह स्थान एक बार फिर क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनकर उभरेगा।
इसे भी पढ़ें…….

