
बलरामपुर। गुरुवार सुबह रामानुजगंज के पलटन घाट स्थित तीखे मोड़ पर एक बार फिर लापरवाही और खतरनाक सड़क संरचना ने दुर्घटना को जन्म दे दिया। आमने-सामने हुई दो कारों की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब दोनों वाहन मोड़ पर नियंत्रण खो बैठे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पत्रकार नवीन तिवारी अपनी पत्नी मधु तिवारी के साथ बनारस से इलाज कराकर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से वाड्रफनगर की ओर जा रही कार में सेजल तिवारी, उनकी बहन दीक्षा, एक चार वर्षीय बालक तथा प्रयागराज निवासी प्रवीण पांडे और शिव शक्ति सवार थे। पलटन घाट के तीखे मोड़ पर दोनों कारें अचानक आमने-सामने आ गईं और जोरदार टक्कर हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पलटन घाट का यह मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। यहां पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क सुधार या मोड़ को सुरक्षित बनाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इस मामले को लेकर एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव और रामानुजगंज नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने लोक निर्माण विभाग पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की उदासीनता के कारण यह मोड़ लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि तत्काल प्रभाव से सड़क को सुरक्षित किया जाए और मोड़ को सीधा करने की कार्रवाई शुरू की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
ये भी पढ़िए……….
Ranchi : खादगढ़ा बस स्टैंड में बसों में आग लगाने वाले आरोपित अर्जुन भोक्ता को पुलिस ने किया गिरफ्तार
