
धनबाद। बीते 19 जनवरी को ओडिशा के क्योंझर जिले के बड़बिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में अज्ञात अपराधियों की ओर से की गई डकैती मामले में झारखंड के धनबाद में ओडिशा और धनबाद पुलिस की संयुक्त छापेमारी में घटना में शामिल दो प्रमुख डकैत और लूट के सामान बरामद हुए हैं।
इस संबंध में शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय में धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ओडिशा के क्योंझर के एएसपी प्रत्यूष मोहपात्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि बैंक डकैती मामले में बड़बिल थाना में मामला दर्ज कर ओडिशा पुलिस ने मामले में अनुसंधान शुरू किया था।
अनुसंधान के क्रम में मामले की तार धनबाद से जुड़ता देख क्योंझर के अपर पुलिस अधीक्षक प्रत्यूष मोहपात्रा अपनी टीम के साथ धनबाद पहुंचे। इसके बाद ओडिशा और धनबाद पुलिस की एक संयुक्त टीम ने धनबाद के निरसा और सिंदरी में छापेमारी कर कांड में डकैती में लूटा गया 288 ग्राम सोना, घटना में शामिल 02 स्कॉर्पियो गाड़ी और 04 एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किया। पुलिस ने इस दौरान डकैती मामले के दो प्रमुख आरोपित धनबाद के चासनाला निवासी राज कुमार सिंह (27) और निरसा निवासी कुणाल राज वर्मा (33) को भी गिरफ्तार किया है।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं थी। लेकिन धनबाद पुलिस और क्योंझर पुलिस के संयुक्त प्रयास से मामले का त्वरित उदभेदन कर लिया गया। वहीं सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि डकैती के दौरान करीब 5 से 6 किलो सोना लूटा गया था, जिसकी कीमत पांच करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस की ओर से अभी भी अन्य कई जगहों पर भी छापेमारी जारी है।
ये भी पढ़िए…………
