
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर तातापानी में आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव अपने पूरे रंग में नजर आ रहा है। पहले दिन की सफल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद महोत्सव के दूसरे दिन की संध्या प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में विशेष उत्साह है। इसी क्रम में सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक आदित्य नारायण अपनी मंचीय प्रस्तुति से पूर्व रांची से सड़क मार्ग द्वारा रामानुजगंज पहुंचे।
तातापानी महोत्सव के दूसरे दिन की संध्या सांस्कृतिक प्रस्तुति में शामिल होने के लिए मशहूर गायक आदित्य नारायण रांची से बाय रोड यात्रा करते हुए रामानुजगंज पहुंचे। रामानुजगंज आगमन पर वे सीधे रेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने अल्प विश्राम किया। कलाकार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेस्ट हाउस परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
रेस्ट हाउस में विश्राम के पश्चात आदित्य नारायण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तातापानी महोत्सव स्थल के लिए रवाना हुए। उनके साथ सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी एवं प्रशासनिक अमला मौजूद रहा, जिससे मार्ग एवं कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था सुचारु बनी रही।
उल्लेखनीय है कि, तातापानी महोत्सव के दूसरे दिन आदित्य नारायण की संध्या मंचीय प्रस्तुति दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण मानी जा रही है। उनकी प्रस्तुति को लेकर क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है। तीन दिवसीय इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लोककलाओं, पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहन देने का प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़िए……….
