हजारीबाग। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के बुजुर्गों के तीर्थ यात्रा के सपने को साकार करने के लिए सांसद मनीष जायसवाल ने एक अभूतपूर्व ‘सांसद तीर्थ दर्शन-2025’ योजना की शुरुआत की है। शनिवार को आयोजित एक प्रेस- कॉन्फ्रेंस में सांसद जायसवाल ने इस महत्वाकांक्षी योजना का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
बुजुर्गों को सम्मान, बेटा के रूप में आशीर्वाद की चाह

सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि उनका उद्देश्य हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के उन बुजुर्गों और तीर्थयात्रा से वंचित लोगों को सम्मान और अवसर प्रदान करना है, जो लंबे समय से इसकी कामना कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा एक जनप्रतिनिधि होने के साथ-साथ क्षेत्र के बेटा के रूप में मुझे अपने बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर देगी।
आज होगा भव्य आगाज़: नृसिंह बाबा के दरबार से मिलेगी हरी झंडी
‘सांसद तीर्थ दर्शन-2025’ का औपचारिक शुभारंभ 29 जून 2025 (रविवार) को हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र के कटकमदाग प्रखंड स्थित खपरियावाँ पंचायत में स्थित भगवान नृसिंह के दरबार से भव्य तरीके से किया जाएगा। यहां से कटकमदाग प्रखंड क्षेत्र के दो पंचायतों के तीन गांवों से चयनित लगभग 180 श्रद्धालु तीन विशेष वातानुकूलित बसों में सवार होकर नृसिंह बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर देश के चार प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों की यात्रा के लिए रवाना होंगे। सांसद जायसवाल ने बताया कि इस योजना का एक सफल परीक्षण पहले ही उनके पैतृक गाँव जुगरा में 60 तीर्थयात्रियों के साथ किया जा चुका है।
तीर्थयात्रियों के सुविधा और सुरक्षा का रखा गया है पूरा ख़्याल
यह 5 दिवसीय यात्रा होगी, जिसमें उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज (संगम) और विंध्याचल के धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे। उन्हें गंगा और सरयू नदी में पावन स्नान के साथ महाआरती का भी दुर्लभ दर्शन करने का अवसर मिलेगा। सांसद ने आश्वस्त किया कि यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों की सुख-सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। प्रत्येक बस में लगभग 65 लोग रहेंगे, जिनमें 60 तीर्थयात्री और उनकी सेवा व हिफाजत के लिए संबंधित पंचायत के पांच भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। यह यात्रा पंचायत-वार आयोजित की जाएगी। यात्रियों के भोजन, पूजन- सामग्री और पूजन के दौरान दिए जाने वाले दक्षिणा को छोड़कर यात्रा का सारा खर्च सांसद की ओर से वहन किया जाएगा। यात्रियों को यात्रा के दौरान एक कपड़े का थैला, अल्पाहार, पानी की बोतल, डेंटल किट और एक विशेष आई-कार्ड दिया जाएगा, जिसमें उनका पूरा नाम, पता और हेल्पलाइन नंबर अंकित होगा। बसों में मेडिकल किट की समुचित व्यवस्था उपलब्ध होगी साथ ही रास्ते में किसी की तबियत खराब हुई तो उसके लिए मेडिकल पॉइंट्स चिन्हित किए गए है। इसके अतिरिक्त यात्रा की सुखद स्मृति के लिए राम मंदिर के साथ उनकी तस्वीर से युक्त एक आकर्षक तस्वीर भी भेंट की जाएगी। संबंधित पंचायत के शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता इस यात्रा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
सभी तैयारियां पूरी, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह
‘सांसद तीर्थ दर्शन-2025’ अभियान के विधिवत शुभारंभ और पहले जत्थे की रवानगी को लेकर हजारीबाग के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नृसिंह मंदिर प्रांगण में विशाल स्तर पर तैयारियां की गई हैं। एक बड़ा वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है, जिसमें तीन मंच और हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था है। दो मंच तीर्थ यात्रियों के लिए और एक मंच आगंतुक विशेष अतिथियों के लिए होगा, जहां से सांसद मनीष जायसवाल और अन्य अतिथि तीर्थ यात्रियों का पांव पखार कर और उन्हें अंग-वस्त्र भेंट कर सम्मानित करेंगे। तत्पश्चात, सभी नृसिंह बाबा के दरबार में माथा टेककर यात्रा के लिए रवाना होंगे।
पहले जत्थे में कटकमदाग प्रखंड के खपरियावां और नवादा पंचायत के खपरियावां, नवादा और बनहा गाँव के कुल 180 तीर्थयात्री (108 महिलाएं और 72 पुरुष) अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर निकलेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए कटकमदाग प्रखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं का एक समूह स्वागत और यात्रियों की रवानगी के लिए अलग-अलग प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। सांसद मनीष जायसवाल स्वयं, उनके सांसद प्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और उनके समर्थक युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं। नृसिंह स्थान के तीन प्रमुख रास्ते पर तोरण द्वार निर्माण किया गया है जिसमें मुकुंदगंज चौक, शंकरपुर चौक और खपरियावाँ चौक शामिल हैं जहां आगंतुक लोगों के स्वागत के लिए बैनर लगाया गया है ।
तीर्थ यात्रियों के रवानगी पर उमड़ेगा जनसैलाब
सांसद मनीष जायसवाल ने देश और राज्य के पार्टी नेताओं से मिलकर उन्हें निमंत्रण भेंट किए हैं, और हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के शहर से लेकर गाँव-कस्बे तक एक लाख से अधिक आमंत्रण पत्र वितरित किए गए हैं। उम्मीद है कि इस अवसर पर तीर्थयात्रियों के सम्मान में नृसिंह स्थान परिसर में विशाल जनसैलाब उमड़ेगा।
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर फ्लेक्स और पोस्टर लगाए गए हैं, और सोशल मीडिया पर भी इस आध्यात्मिक कार्यक्रम को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। लोग सांसद मनीष जायसवाल की इस पहल की सराहना कर रहे हैं और अधिक से अधिक संख्या में लोगों से शामिल होने की अपील कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी मिल रहा है विशेष सहयोग
सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि उन्हें इस कार्यक्रम को लेकर लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने भाजपा के पंचायत स्तर के शक्ति केंद्र कार्यकर्ताओं की तीर्थ यात्रियों के चयन में अहम सहभागिता की सराहना की। उन्होंने यह भी बताया कि निमंत्रण पत्र भेंट करने के दौरान कई प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों सहित देश और राज्य के नेताओं से उन्हें बेहद सकारात्मक संदेश प्राप्त हुए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज ने तो उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को इस यात्रा के सहयोग के लिए विशेष निर्देश भी दिए हैं। सांसद मनीष जायसवाल ने हजारीबाग लोकसभा क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाने के साथ ही तीर्थ यात्रियों की रवानगी के अवसर पर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर पुण्य के भागी बनने का आह्वान किया है।
नृसिंह स्थान मंदिर समिति भी उत्साहित
‘सांसद तीर्थ दर्शन-2025’ का शुभारंभ नृसिंह स्थान मंदिर परिसर से होने से मंदिर समिति के सदस्य भी गदगद हैं। शनिवार को समिति के सदस्यों ने सांसद मनीष जायसवाल से मिलकर उन्हें इस पहल के लिए धन्यवाद दिया और बताया कि वे इस कार्यक्रम में पहुंचने वाले विशेष अतिथियों को नृसिंह बाबा की तस्वीर युक्त एक स्मृति चिन्ह भेंट करेंगे ताकि नृसिंह स्थान मंदिर उनके लिए स्मरणीय रहे ।
मौके पर ये गणमान्य लोग रहें मौजूद
प्रेस- वार्ता को विशेषरूप से भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह और भाजपा नेता दिनेश सिंह राठौड़ ने भी संबोधित किया। इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुदेश चंद्रवंशी, अनिल मिश्रा, हरीश श्रीवास्तव, टुन्नू गोप, लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, भाजपा जिला पदाधिकारी दामोदर सिंह, जय नारायण प्रसाद, भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजकरण पाण्डेय, भाजपा महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष मनोरमा राणा, भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष इंद्र नारायण कुशवाहा, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी, भाजपा एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष महेंद्र बिहार, मांडू विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि द्वारिका सिंह उर्फ खोखा सिंह, अजय कुमार साहू, अरुण राणा, नागेंद्र गुप्ता, मूलचंद साहू, जुगनू सिंह, बलदेव सिंह, सुनील सिंह, भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता, उमा पाठक, भानुमति पासवान, सत्यभामा, रानी शुक्ला, विजय वर्मा, लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, रिंकू वर्मा, शिव प्रजापति सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
इसे भी पढ़िए:
हजारीबाग के लाल मनीष जायसवाल : एक साल का सांसद कार्यकाल : बेमिसाल