
रांची। राजधानी रांची के पंडरा इलाके में शनिवार रात मची गोलीबारी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने तेज़ी से खुलासा कर दिया है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फायरिंग कांड के मुख्य आरोपी सहित कुल पांच अपराधियों को धर दबोचा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में संजय पांडे (मुख्य आरोपी), बबलू, रवि, अज्जू साह सहित एक अन्य सहयोगी शामिल है। सभी आरोपितों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शनिवार रात पंडरा क्षेत्र स्थित मान्या टावर के समीप संदीप गिरोह और संजय गिरोह के बीच वर्चस्व को लेकर हिंसक झड़प हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में आकाश, विकास और रवि यादव को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों गिरोहों के बीच एक विवादित जमीन की बिक्री से प्राप्त रकम के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। यही विवाद शनिवार रात खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपी लंबे समय से पंडरा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और इनके खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है और घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी तथा अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में कानून-व्यवस्था बहाल करने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़िए…………..
लातेहार बस हादसा: बलरामपुर के 10 लोगों की दर्दनाक मौत, पसरा मातम
