
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र में कन्हर नदी के एनीकट में कीटनाशक मिलाकर मछलियों का शिकार करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़कर गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने रोकने पर हंगामा और मारपीट की कोशिश भी की, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
बलरामपुर पुलिस के द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार कन्हर नदी एनीकट में गर्मी के कारण जलस्तर कम होने से बड़ी संख्या में लोग मछली पकड़ने पहुंच रहे हैं। इसी बीच कुछ लोगों द्वारा कीटनाशक पदार्थ को चावल में मिलाकर पानी में डालने और मछलियों को जहरीला बनाकर पकड़ने की लगातार शिकायत मिल रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम निगरानी में लगी हुई थी।
शनिवार शाम 04 अप्रैल 2026 को निगरानी के दौरान ग्राम पुरानडीह निवासी रवि राम (22 वर्ष), महावीर राम (42 वर्ष) और जमुना राम (33 वर्ष) को एनीकट के पानी में कीटनाशक मिश्रित चावल डालते हुए पकड़ा गया। मौके पर मौजूद टीम ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, लेकिन तीनों आरोपी नहीं माने और विवाद करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।
स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को तत्काल हिरासत में लिया और उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए कार्यपालिक दंडाधिकारी न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। हर वर्ष गर्मी के मौसम में रामानुजगंज के एनीकट में इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन ठोस कानूनी कार्रवाई के अभाव में ऐसे लोगों के हौसले बुलंद थे। यह जानते हुए भी कि इसी नदी का पानी लगभग 20 हजार लोगों के पीने का मुख्य स्रोत है, आरोपी बेखौफ होकर विषैले पदार्थ का उपयोग कर रहे थे, जिससे जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। ऐसे में पुलिस की यह सख्त कार्रवाई न केवल अपराधियों के लिए चेतावनी है, बल्कि उम्मीद है कि भविष्य में इस तरह की खतरनाक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
इसे भी पढ़ें…….
मिशन गांव चलो अभियान के तहत मितगई में बूथ व पंचायत कमेटी का गठन

