
रामगढ़। वसंत पंचमी के पावन अवसर पर भारत के नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे। विधिवत दर्शन-पूजन कर उन्होंने देश की सुख-समृद्धि, शांति और सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर में उनकी उपस्थिति ने आस्था और राष्ट्र रक्षा के भाव को एक साथ जोड़ दिया।
पूजा-अर्चना के बाद नौसेना प्रमुख ने कहा कि मां छिन्नमस्तिका के दरबार में आकर उन्हें विशेष ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने इसे मां का बुलावा बताते हुए कहा कि अगली बार वे संध्या आरती में शामिल होने की इच्छा लेकर लौट रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट और दृढ़ संदेश दिया। नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ है और सक्षम हाथों में है। भारत की ओर गलत नजर रखने वालों को करारा जवाब दिया जाएगा।
जल सुरक्षा पर विस्तार से बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश की भौगोलिक संरचना का बड़ा हिस्सा जल क्षेत्र से जुड़ा है और भारतीय नौसेना हर उस स्थान तक पहुंचने में सक्षम है जहां पानी है। जहां-जहां नौसेना की तैनाती है, वहां कड़ी निगरानी और पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने दो टूक कहा कि भारत हर प्रकार की चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। मां छिन्नमस्तिका के दरबार से दिया गया यह संदेश आस्था के साथ-साथ देश की सुरक्षा के प्रति अटूट संकल्प को भी दर्शाता है।
ये भी पढ़िए……………
