
रांची। झारखंड में ठंड ने इस बार तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह की धुंध से लेकर देर शाम तक चल रही सर्द हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि खुले में निकलना लोगों के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
झारखण्ड इन दिनों भीषण ठंड और शीतलहर की चपेट में है। दिन भर चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंड का असर इतना अधिक है कि लंबे समय तक बाहर रहने से सर्दी, जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
राजधानी रांची समेत जमशेदपुर जैसे बड़े शहरों में रात के समय ठंड का प्रकोप और ज्यादा महसूस किया जा रहा है। ऐसे में प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क आश्रय गृह बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के लिए राहत का केंद्र बनकर उभरे हैं। ठंड से बचाव के लिए यहां अलाव, कंबल और प्राथमिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान लोहरदगा में 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना जताई गई है, जिससे रातें और अधिक सर्द व कंपकंपाने वाली होंगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और जरूरतमंदों को नजदीकी आश्रय गृह तक पहुंचाने में सहयोग करें।
ये भी पढ़िए…….
जंगली सुअर शिकार कांड में बड़ी कार्रवाई: 7 फरार आरोपी गिरफ्तार, सभी जेल दाखिल

