
बालूमाथ। राजधानी में इलाज के दौरान भाजपा नेता सह काेयला व्यवसायी की सोमवार को मौत हो गई। 12 अगस्त को राजेंद्र साहू बालूमाथ के झरिवा टोला स्थित दफ्तर से अपने घर तेली टोला लौट रहे थे कि रास्ते में रोककर अपराधियों ने गोली मार दी थी। उन्हें रांची के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांसें ली।
उनकी मौत की सूचना मिलते ही लातेहार में उनके समर्थकों ने लातेहार-चतरा मार्ग को सुबह 4 बजे से जाम कर दिया। बारियातू, हेरहंज, लातेहार, चतरा समेत कई स्थानों से उनके समर्थक बालूमाथ पहुंचे और थाना चौक के सामने धरना पर बैठ गए। स्थानीय दुकानदारों ने स्वेच्छा से दुकानें बंद कर दी। इस दौरान गुस्साई भीड़ हत्या के संदिग्ध आरोपी के घर के पास खड़ी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।
वहीं बालूमाथ पुलिस ने आग बुझाई। दिनभर बालूमाथ बंद रहा और लोग धरने पर बैठे रहे। एसपी अंजनी अंजन, बालूमाथ एसडीपीओ अजीत कुमार ने आक्रोशित ग्रामीणों व समर्थकों को समझाया। करीब 10 घंटे बाद जाम हटा। पुलिस को जेल में बंद अपराधी अमन साव के गिरोह पर शक है। तीन संदिग्ध हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

अमन गिरोह के निशाने पर थे राजेंद्र साहू, चल रही है जांच
12 अगस्त को राजेंद्र झरिवा टोला में पुराना कस्तूरबा विद्यालय के पास अपने ऑफिस से घर लौट रहे थे। रास्ते में अपराधियों ने रोका और गोली चला दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर स्थिति में उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया। उनका इलाज मेडिका में चल रहा था।
वह अपराधी अमन साहू गिरोह के निशाने पर थे। कुछ दिन पहले लातेहार पुलिस अमन साहू को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। इस दौरान अमन ने कहा था कि राजेंद्र साहू सहित आरकेटीसी कंपनी और ऋत्विक कंपनी के अधिकारी उसके निशाने पर हैं।
एसपी को सौंपा 5 सूत्री मांगपत्र, एसआईटी टीम का गठन
जाम कर रहे लोगों ने लातेहार एसपी अंजनी अंजन से मिलकर पांच सूत्री मांग पत्र सौपा। इसमें हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के तहत कठोर सजा देने, हत्याकांड की सीबीआई जांच, परिजनों को सुरक्षा, राजेंद्र प्रसाद साहू को शहीद का दर्जा देते हुए मुख्य चौराहे पर प्रतिमा स्थापित करने और बालूमाथ में संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए सभी गृहस्वामियों को किराएदार पर रखने से पूर्व थाना में सत्यापन कराने की मांग शामिल है। इधर, लातेहार एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
लोस चुनाव लड़ चुके राजेंद्र पर 2 साल पहले भी लोगी चली थी
पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू चतरा लोकसभा क्षेत्र से सांसद का चुनाव लड़ चुके हैं। उन पर 2021 में भी गोलीबारी हुई थी। बाइक से आए तीन अपराधियों ने चेन्नई राधा कंपनी के क्रशर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इसमें क्रशर के कर्मी संदीप कुमार गुप्ता और लोडर ऑपरेटर पप्पू केसरी को गोली लगी थी।

