
बलरामपुर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर यात्री बसों की विशेष जांच अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नियमों के उल्लंघन पर बस संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएच-343 (अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग) पर 10 अप्रैल 2026 को यात्री बसों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
अभियान के दौरान कुल 23 यात्री बसों की जांच की गई, जिसमें 12 बसों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं। नियमों के उल्लंघन पर इन बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 9600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
कार्रवाई के तहत एक बस पर परमिट शर्तों के उल्लंघन पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं अन्य 11 बसों पर यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर अलग-अलग धाराओं में कुल 4600 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान परिवहन अधिकारी यशवंत यादव और यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने बस चालकों और परिचालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्हें वाहन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज रखने, निर्धारित वर्दी धारण करने, वैध लाइसेंस रखने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने तथा सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की समझाइश दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, बसों की समय-पालन व्यवस्था दुरुस्त करना, निर्धारित किराया लागू कराना और यात्रियों को होने वाली असुविधाओं को दूर करना है। साथ ही इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
इसे भी पढ़ें……….
बलरामपुर अफीम खेती मामला: चौथा आरोपित झारखंड से गिरफ्तार, अंतरराज्यीय खरीद-बिक्री नेटवर्क उजागर

