
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले के एक समाजसेवी और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मी ने ऐसा संकल्प लिया है, जो न सिर्फ प्रेरणादायक है बल्कि मानवता के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता को भी दर्शाता है। वार्ड क्रमांक 15 निवासी एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरागाही में पदस्थ लेखापाल सूर्य प्रताप कुशवाहा ने रायपुर में कलेक्टर के समक्ष अंगदान का संकल्प लेकर एक मिसाल कायम की है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज वार्ड क्रमांक 15 निवासी एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरागाही में पदस्थ लेखापाल सूर्य प्रताप कुशवाहा ने समाजसेवा के क्षेत्र में एक और सराहनीय कदम उठाया है। उन्होंने रायपुर प्रवास के दौरान कलेक्टर डॉक्टर गौरव कुमार सिंह के समक्ष अंगदान करने का संकल्प लिया।
सूर्य प्रताप कुशवाहा लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। रामानुजगंज रक्तदाता समिति में उपाध्यक्ष के रूप में वे सैकड़ों जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। इतना ही नहीं, वे स्वयं भी नियमित रूप से रक्तदान कर कई जिंदगियां बचा चुके हैं।
सोमवार को जानकारी देते हुए सूर्य प्रताप कुशवाहा ने बताया कि, हाल ही में रायपुर जाने के दौरान उन्हें “प्रोजेक्ट ऋषि दधीचि” के बारे में जानकारी मिली, जिसके तहत अंगदान के लिए लोगों को प्रेरित किया जाता है। उन्होंने बताया कि वे पहले से ही अंगदान को लेकर विचार कर रहे थे, और जैसे ही उन्हें इस पहल के बारे में पता चला, उन्होंने तुरंत निर्णय लेते हुए रायपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर डॉक्टर गौरव कुमार सिंह के समक्ष अंगदान का संकल्प ले लिया।

उनके इस सराहनीय निर्णय पर कलेक्टर डॉक्टर गौरव कुमार सिंह ने उन्हें सम्मानित किया और “प्रोजेक्ट दधीचि ऑर्गन डोनेशन कमिटमेंट सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन” प्रदान किया। कलेक्टर ने उनके इस कदम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
उल्लेखनीय है कि, सूर्य प्रताप कुशवाहा का यह संकल्प न सिर्फ दूसरों को प्रेरित करेगा, बल्कि अंगदान जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
इसे भी पढ़ें…..
झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा पेपर लीक साजिश का भंडाफोड़, 164 गिरफ्तार

