बलरामपुर। रामानुजगंज फॉरेस्ट रेंज अंतर्गत ग्राम फुलवार के छतवा सर्किल में हाथी के हमले में पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। गुस्साए गजराज एक झटके में महिला के हाथ को उखाड़ दिया। जबकि पति को कमर में चोट आई है। वन विभाग के द्वारा दोनों को रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रामानुजगंज फॉरेस्ट रेंज के छतवा सर्किल के ग्राम फुलवार में गेहूं की फसल काटने के दौरान शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच हाथी ने अस्मीना बीबी और उस्मान अहमद दोनों पति पत्नी के ऊपर हमला कर दिया। जिसमें उस्मान की कमर में चोट आई है। जबकि अस्मीना बीबी की हमले में बाया हाथ उखड़ गया है। सूचना पर पहुंची वन विभाग ने दोनों को आनन फानन में रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। वहीं वन विभाग के द्वारा इलाज के लिए 50 हजार रुपए तत्कालीन सहयोग राशि मुहैया कराई गई है।
डिप्टी रेंजर विजय सिंह ने बताया कि उस्मान अहमद और उनकी पत्नी दोनों अपने खेत में गेहूं की फसल काट रहे थे। इसी दौरान हाथी के हमले से दोनों बुरी तरह से घायल हो गए है। दोनों प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। 50 हजार रुपए की तत्कालीन सहायता राशि वन विभाग की ओर से इलाज के लिए मुहैया कराई गई है। हाथी विचरण के संबंध वन विभाग की ओर से लगातार प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
आगे उन्होंने बताया कि कुल दस हाथी इस क्षेत्र में विचरण कर रहे है। जिसमें एक लोनर और एक दल में नौ हाथी शामिल है। आमजन से यहीं अपील है कि शाम ढलते ही जंगल की ओर ना जाए और हो सके तो बच्चे और बूढ़े को पक्के मकान में ही रखें।
ये भी पढ़िए……..