मुंबई : रणवीर सिंह स्टारर सर्कस ने पहले दिन सिर्फ 6.5 करोड़ की कमाई की है। ये रोहित शेट्टी की पिछले 10-12 साल में आई सभी फिल्मों में सबसे खराब ओपनर साबित हुई है। बॉक्स ऑफिस पर हिट फिल्मों की गारंटी बन चुके रोहित शेट्टी के लिए फिल्म का इतना खराब कलेक्शन बड़ा सेटबैक है। फिल्म को ऑडियंस और क्रिटिक्स दोनों ने नकार दिया है। क्रिटिक्स का कहना है कि फिल्म में कुछ भी ऐसा नहीं है जिसके लिए ऑडियंस अपना पैसा खर्च कर थिएटर जाए। 23 दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म का बजट तकरीबन 100 करोड़ बताया जा रहा है।
पहले दिन कमाए सिर्फ 6.5 करोड़
रोहित शेट्टी की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर तगड़ा कलेक्शन करने के लिए जानी जाती हैं। वो बॉलीवुड के चुनिंदा डायरेक्टर्स में से एक हैं जिन्होंने शायद ही कोई फ्लॉप दी हो, लेकिन सर्कस के पहले दिन की कमाई उनके लिए जरूर चिंता का सबक बन सकती है।
ट्रेड एनालिस्ट सुमित कादेल के मुताबिक फिल्म ने रिलीज के पहले दिन सिर्फ 6.5 करोड़ का कलेक्शन किया है जो रोहित शेट्टी के फिल्मों के हिसाब से काफी कम है। रोहित शेट्टी की पिछले 10- 12 साल में आई सभी फिल्मों में सर्कस ने सबसे खराब ओपनिंग हासिल की है।
रोहित शेट्टी को फिल्म से काफी उम्मीदें हैं
फिल्म ने पहले दिन उम्मीद के मुताबिक कलेक्शन नहीं किया, लेकिन फिल्म के डायरेक्टर रोहित शेट्टी का कहना है कि ऑडियंस इस फिल्म को जरूर पसंद करेंगे। रोहित शेट्टी ने कहा है कि ये फिल्म उन ऑडियंस के लिए है जो गोलमाल और ऑल द बेस्ट जैसी कॉमेडी फिल्में देखना पसंद करते हैं।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी दो जुड़वां भाइयों की है, जिन्हें एक डॉक्टर दो अलग-अलग परिवारों को सौंप देता है। डॉक्टर साबित करना चाहता है कि मायने खून के नहीं बल्कि परवरिश के होते हैं।
एक भाई सर्कस वालों के पास जाता है तो दूसरा आम परिवार में। सर्कस में गए भाई को करंट नहीं लगता, जिससे उसका नाम पड़ता है इलेक्ट्रिक मैन। वहीं आम परिवार के साथ रहने वाले रॉय को करंट लगता है। दोनों कैसे मिलते हैं और सच्चाई का खुलासा होता है ये फिल्म की कहानी है।
मल्टीस्टारर फिल्म है सर्कस
सर्कस में एक लंबी चौड़ी स्टारकास्ट देखने को मिली है। फिल्म में रणवीर सिंह, जैकलीन फर्नांडीज, पूजा हेगड़े और वरुण शर्मा ने अहम भूमिका निभाई है। इसमें रणवीर सिंह, और वरुण शर्मा का डबल रोल देखने को मिला है। इस फिल्म में रणवीर सिंह पहली बार डबल रोल में नजर आए है। थिएटर्स में फिल्म 23 दिसंबर को रिलीज हुई है।