
धनबाद। जिले के झरिया इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम का सामना कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों से हो गया। पुलिस की घेराबंदी के बीच हुई मुठभेड़ में गिरोह के तीन बदमाश घायल हो गए और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हथियार, मोबाइल फोन और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है।
धनबाद जिले के झरिया क्षेत्र स्थित भागाबांध ओपी और जोड़ापोखर ओपी की सीमा पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि गिरोह के कुछ सदस्य इलाके में छिपकर किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही दोनों जिलों की पुलिस टीम ने इलाके को घेरते हुए सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध ठिकानों की तलाशी लेते समय छिपे अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलियां चलीं। पुलिस की घेराबंदी के चलते बदमाश भाग नहीं सके और अंततः तीनों को दबोच लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान अमन सिंह उर्फ कुबेर के पैर में गोली लगी। वह पलामू का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं धनबाद निवासी विक्की डोम भी पुलिस की कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। तीसरा आरोपी अफजल उर्फ अमन भागने की कोशिश में गिर पड़ा, जिससे उसका पैर टूट गया।
घटना के बाद तीनों घायलों को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी हाल ही में रांची के एक होटल में हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल थे और पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार कार्रवाई के दौरान मौके से हथियार, कई मोबाइल फोन और बम बरामद किए गए हैं। बरामद विस्फोटक और अन्य सामग्री की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रिंस खान गिरोह के नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा और इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
ये भी पढ़िए…………
भीषण गर्मी के बीच बलरामपुर में बदला मौसम का मिजाज, बेमौसम बारिश से लोगों को मिली राहत

