बलरामपुर। रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25वें वर्षगांठ समारोह के दौरान बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का नाम गौरव से गूंज उठा। ग्राम गोविंदपुर (सरगढ़ी) के विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के कृष्णा पहाड़ी कोरवा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान जैसे ही प्रधानमंत्री ने कृष्णा पहाड़ी को सम्मानित किया, पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। कृष्णा और उनकी पत्नी दोनों दृष्टिबाधित हैं, लेकिन जीवन की कठिन परिस्थितियों ने उनके हौसले को कभी कमजोर नहीं किया। वर्ष 2023–24 में उन्हें प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पक्का मकान स्वीकृत हुआ था। सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने श्रम और संकल्प से उस घर का निर्माण स्वयं पूरा किया।

हम दोनों की आंखें नहीं हैं, लेकिन सपने हैं
सम्मान प्राप्त करने के बाद कृष्णा पहाड़ी ने भावुक शब्दों में कहा हम दोनों की आंखें नहीं हैं, पर सपने हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना ने हमारे सपनों को घर का आकार दे दिया। अब हमारे बच्चों के सिर पर छत है और जीवन में आत्मविश्वास लौटा है। प्रधानमंत्री से सम्मान पाना मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कृष्णा की यह कहानी बताती है कि जब सरकारी योजनाएं सही लोगों तक पहुंचती हैं, तो वे न केवल जीवन बदल देती हैं, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन जाती हैं।
ये भी पढ़िए………..

