
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मालवाहक वाहनों को यात्री वाहन के रूप में इस्तेमाल करने की खतरनाक प्रवृत्ति एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के अजगरा नाला में बारात लेकर जा रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। घटना ने मालवाहक पिकअप को ‘बाराती गाड़ी’ बनाने की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी अनुसार, बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत अजगरा नाला के पास सोमवार शाम करीब 7 से 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, इंजानी से उत्तर प्रदेश के बबनडीहा बारात जा रही एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। वाहन में कुल छह लोग सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान रमकोला थाना क्षेत्र, जिला सूरजपुर निवासी राजेंद्र गोड़ की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल कोटराही निवासी जीवनलाल पण्डो को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां मंगलवार को उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। अन्य सवारियों को हल्की चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। वाड्रफनगर पुलिस चौकी के एएसआई रामजीत राम ने मृतकों और घायलों की पुष्टि की है।

मंगलवार को पुलिस ने मृतक राजेंद्र गोड़ का पंचनामा और मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह हादसा एक बार फिर उस गंभीर समस्या को उजागर करता है, जहां मालवाहक पिकअप वाहनों को नियमों की अनदेखी कर धड़ल्ले से यात्री ढोने में इस्तेमाल किया जा रहा है। विशेषकर बारात जैसे आयोजनों में इन वाहनों को ‘बाराती गाड़ी’ बना दिया जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद प्रभावी चलानी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं। जरूरत इस बात की है कि पुलिस और प्रशासन सख्ती दिखाए, ताकि मालवाहक वाहन केवल माल ढुलाई तक सीमित रहें और बेगुनाह लोगों की जान बचाई जा सके।
इसे भी पढ़ें…………
झारखंड को पांच साल बाद मिला लोकायुक्त, जस्टिस अमिताभ गुप्ता को राज्यपाल ने दिलाई शपथ

