
बलरामपुर,विष्णु पांडेय। जिले के ग्राम जामवंतपुर में मुक्तिधाम निर्माण को लेकर जारी विवाद पर आखिरकार प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए स्थिति स्पष्ट कर दी। शासकीय भूमि पर आपत्ति के चलते ठप पड़ा निर्माण कार्य एसडीएम की मौजूदगी में फिर से शुरू कराया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बलरामपुर जिले के जामवंतपुर गांव में मुक्तिधाम निर्माण को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहा विवाद प्रशासन की सक्रियता के बाद थमता नजर आ रहा है। शासकीय भूमि पर स्वामित्व को लेकर आपत्ति दर्ज किए जाने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा था।
ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम आनंद नेताम आज शनिवार को मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण का बारीकी से निरीक्षण किया। राजस्व अमले और पुलिस बल की मौजूदगी में उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के बाद तत्काल निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर मुक्तिधाम की बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि शासकीय है और इस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अनावश्यक आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी भूमि में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि ग्राम निवासी रामकुमार कुशवाहा द्वारा निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई जा रही थी, जिसके चलते काम बाधित हो गया था। प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति को समझाइश देते हुए विवाद समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद अब गांव में स्थिति सामान्य होती दिख रही है। ग्रामीणों ने भी राहत जताई है और उम्मीद जताई जा रही है कि मुक्तिधाम का निर्माण कार्य अब बिना किसी बाधा के शीघ्र पूरा किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें…….
बलरामपुर में तेज रफ्तार का कहर: वाड्रफनगर में अज्ञात वाहन की टक्कर, युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर

