
कोडरमा। कोडरमा घाटी में रविवार की आधी रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मेघातरी काली मंडा के पास रात करीब 12 बजे दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसे बाहर निकालने में पुलिस और राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बताया गया कि दोनों ट्रेलर रांची की ओर से आ रहे थे और कोडरमा होते हुए बिहार की तरफ जा रहे थे। मेघातरी के पास घाटी की ढलान पर पीछे चल रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बेकाबू ट्रेलर आगे चल रहे ट्रेलर के केबिन से जा टकराया।
टक्कर की आवाज सुनकर जाग गए लोग
दोनों ट्रेलरों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके की आवाज आसपास के दुकानों और घरों तक पहुंची। आवाज सुनकर दुकानदार और घरों में सो रहे लोग बाहर निकल आए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
हादसे के बाद सड़क पर दोनों ट्रेलर क्षतिग्रस्त हालत में खड़े थे। उनके टूटे हुए केबिन देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था। आगे चल रहे ट्रेलर के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रेलर के केबिन में एक व्यक्ति काफी देर तक फंसा रहा।
कड़ी मशक्कत के बाद केबिन से निकाला गया व्यक्ति
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा घाटी की हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सागर कुमार गिरी भी सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद केबिन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला।
मृतक और घायल को सदर अस्पताल भेजा गया। घायल का इलाज जारी है। देर रात तक मृतक और घायल की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने हटवाए दोनों ट्रेलर
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें……………..


