
नई दिल्ली। 2019 में पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने के बाद देशभर में चर्चा में आए पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट ले लिया है। करीब दो दशक तक वायुसेना में सेवा देने के बाद अब उन्होंने एविएशन के कॉमर्शियल सेक्टर में कदम रखा है। अगस्त 2026 में वह क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से जुड़े हैं, जहां वह यात्री विमान के पायलट के तौर पर नई जिम्मेदारी संभालेंगे। अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने 31 मार्च 2026 को वायुसेना से विदाई ली थी।
2019 में पाकिस्तानी विमान का किया था पीछा
अभिनंदन वर्तमान 27 फरवरी 2019 को भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान सुर्खियों में आए थे। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने 26 फरवरी को बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। इसके अगले दिन पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने भारतीय सीमा की ओर बढ़ने की कोशिश की।
उस समय अभिनंदन श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर MiG-21 बाइसन स्क्वाड्रन के साथ तैनात थे। पाकिस्तानी विमानों की गतिविधि का पता चलने के कुछ ही समय बाद उन्हें उन्हें रोकने के लिए भेजा गया। आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र के अनुसार, उन्होंने पीछे हट रहे एक पाकिस्तानी विमान का पीछा किया और हवाई मुठभेड़ के दौरान उसे मार गिराया।
MiG-21 क्षतिग्रस्त हुआ, पाकिस्तान में उतरे
हवाई संघर्ष के दौरान अभिनंदन के MiG-21 बाइसन पर पाकिस्तानी विमान की मिसाइल लगी। विमान को नुकसान पहुंचने के बाद उन्होंने इजेक्ट किया और पैराशूट के जरिए पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में जा उतरे। इसके बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
करीब 60 घंटे बाद 1 मार्च 2019 को अभिनंदन को पाकिस्तान ने भारत को सौंप दिया। उनकी सुरक्षित वापसी के बाद देशभर में उनके साहस और धैर्य की चर्चा हुई।
2021 में मिला वीर चक्र
2019 की कार्रवाई में दिखाई गई बहादुरी के लिए अभिनंदन वर्तमान को वर्ष 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। भारत सरकार के प्रशस्ति-पत्र में उनके साहस और विपरीत परिस्थितियों में दुश्मन के विमानों का मुकाबला करने की सराहना की गई थी।
वीर चक्र युद्धकाल में दिया जाने वाला देश का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। इससे ऊपर परमवीर चक्र और महावीर चक्र आते हैं।
अब FLY91 में संभालेंगे नई जिम्मेदारी
वायुसेना से विदाई के बाद अभिनंदन अब यात्री विमानों की कमान संभालेंगे। अगस्त में उनके FLY91 से जुड़ने की जानकारी सामने आई है। यह एयरलाइन क्षेत्रीय हवाई संपर्क बढ़ाने और छोटे शहरों को विमान सेवा से जोड़ने पर केंद्रित है।
FLY91 ने मार्च 2024 में अपनी व्यावसायिक उड़ानें शुरू की थीं। एयरलाइन के बेड़े में ATR 72-600 विमान हैं, जिनका इस्तेमाल मुख्य रूप से कम दूरी की उड़ानों के लिए किया जाता है। कंपनी के प्रमुख बेस गोवा और हैदराबाद में हैं।
वायुसेना के एक चर्चित योद्धा के रूप में पहचान बनाने के बाद अभिनंदन का कॉमर्शियल एविएशन में कदम रखना उनके करियर की एक नई पारी मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें………….
नेपाल में बाढ़ के बाद मलबे में दबा सबसे बड़ा राज… 4 हजार लोग लापता, 161 शवों की पहचान नहीं


