
बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पशुधन विकास विभाग के प्रशासनिक दायित्व में बदलाव हो गया है। वर्तमान प्रभारी उप संचालक डॉ. शिशिरकांत पाण्डेय के 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने के बाद अब डॉ. एस.एस. सेंगर को जिला उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाओं का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. सेंगर ने 1 अगस्त से नई जिम्मेदारी संभाल ली है।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के पशुधन विकास विभाग की ओर से 28 जुलाई 2026 को मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से आदेश जारी किया गया था। शासन ने विभागीय कामकाज में निरंतरता बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था की है।
जारी आदेश के अनुसार, डॉ. शिशिरकांत पाण्डेय 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद पशु चिकित्सालय रामानुजगंज में पदस्थ पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ डॉ. एस.एस. सेंगर को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज का अतिरिक्त प्रभार आगामी आदेश तक सौंपा गया है।
अब डॉ. सेंगर अपने वर्तमान पद की जिम्मेदारियों के साथ जिले के उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाओं से जुड़े प्रशासनिक कार्यों का भी संचालन कर रहे हैं। विभागीय योजनाओं, पशु चिकित्सा सेवाओं और जिले में पशुधन से जुड़े कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।

शासन की ओर से की गई इस वैकल्पिक व्यवस्था से उप संचालक के पद पर कामकाज में किसी तरह का व्यवधान नहीं आएगा। खासकर पशुपालकों से जुड़ी योजनाओं, पशु स्वास्थ्य सेवाओं, विभागीय कार्यक्रमों और प्रशासनिक कार्यों को नियमित रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।
डॉ. एस.एस. सेंगर को अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, डॉ. शिशिरकांत पाण्डेय के सेवानिवृत्त होने पर विभागीय कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की है।
शासन के आदेश के अनुसार डॉ. एस.एस. सेंगर यह अतिरिक्त जिम्मेदारी आगामी आदेश तक संभालेंगे।
इसे भी पढ़ें………..


