
पूर्वी सिंहभूम। बागबेड़ा थाना में एक विवाहिता की शिकायत पर उसके पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, जबरन गर्भपात, यौन उत्पीड़न, अश्लील वीडियो बनाने और जेवरात हड़पने सहित कई गंभीर आरोपों में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बागबेड़ा निवासी स्नेहा सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वर्ष 2016 में आरा (बिहार) निवासी राकेश कुमार गौरव से विवाह के बाद कुछ महीनों तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति, सास, जेठ, जेठानी और अन्य परिजनों ने अतिरिक्त 10 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।
विरोध करने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की गई। महिला का आरोप है कि पुत्र के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई और नौकरी करने पर पति जबरन उसके वेतन की राशि अपने खाते में ट्रांसफर कराता था।
प्राथमिकी में महिला ने पति पर शराब के नशे में अप्राकृतिक यौनाचार करने, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने, वर्ष 2023 में जबरन गर्भपात कराने और कई बार दवा देकर गर्भ गिराने का भी आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार विरोध करने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया और उसके जेवरात सहित अन्य सामान भी रख लिए गए। पुलिस ने पति राकेश कुमार गौरव, शांति देवी, कौशल कुमार सिंह, प्रीति सिंह और दिव्या सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें……..


